नई दिल्ली: आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ईंधन की कीमतों में तेज इजाफा देखने को मिला है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का दाम बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल अब 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इस बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मेट्रो शहरों में भी बढ़े दाम
देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोलकाता में पेट्रोल 3.29 रुपये बढ़कर 108.74 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 3.14 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 106.68 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 2.83 रुपये बढ़कर 103.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
डीजल के दाम में भी बढ़ोतरी
डीजल की कीमतों में भी समान रूप से बढ़ोतरी देखने को मिली है। दिल्ली में डीजल 3 रुपये बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में डीजल 3.11 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 95.13 रुपये प्रति लीटर, जबकि मुंबई में 3.11 रुपये बढ़कर 93.14 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। चेन्नई में डीजल 2.86 रुपये महंगा होकर 95.25 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
वैश्विक तनाव का असर बताया जा रहा कारण
मध्य-पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह माना जा रहा है। हाल के दिनों में सरकार की ओर से भी संकेत दिए गए थे कि ईंधन की कीमतों में बदलाव संभव है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले ही संकेत दिया था कि वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते ईंधन की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया था कि तेल विपणन कंपनियों पर भारी वित्तीय बोझ है और उनकी ‘अंडर-रिकवरी’ 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
आम जनता पर बढ़ा बोझ
ईंधन की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर परिवहन, माल ढुलाई और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है, जिससे महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
