उन्नाव।जनपद के औरास और हसनगंज ब्लॉक में चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान के तहत पांच कार्यदिवसों में 1,30,989 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया है। दोनों ब्लॉकों में कुल 4,50,875 पात्र लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। शेष पात्र लोगों को सात दिसंबर तक दवा खिलाने का लक्ष्य है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक लक्षित आबादी के लगभग 29 प्रतिशत लोगों ने दवा का सेवन कर लिया है। अभियान के दौरान दवा सेवन से इनकार करने वाले और अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन नहीं करने वाले (नेवर टेकन) लोगों को भी समझाकर दवा खिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक दवा खाने से इनकार करने वाले 10,990 लोगों में से 7,078 यानी 64.4 प्रतिशत लोगों को समझाकर दवा सेवन के लिए राजी किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए चिकित्सा अधीक्षकों के नेतृत्व में ब्लॉक स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।
अभियान की प्रगति का आकलन करने के लिए प्रतिदिन का डेटा सीएस प्रो पोर्टल पर फीड किया जा रहा है। इस बार अभियान में दवा खाने से इनकार करने वाले, प्रवासी और अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन नहीं करने वाले (नेवर टेकन) लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मी ऐसे लोगों से संपर्क कर उन्हें दवा सेवन के फायदे बता रहे हैं और उनकी भ्रांतियां दूर कर रहे हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. जे.आर. सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान पात्र लोगों को एल्बेंडाजोल, आइवरमेक्टिन और डाईइथाइल कार्बामजीन (डीईसी) की दवाएं स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में खिलाई जा रही हैं। ये दवाएं सुरक्षित हैं। कुछ लोगों में दवा सेवन के बाद बुखार, चक्कर और उल्टी जैसी प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। किसी भी तरह की परेशानी होने पर आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें।
हसनगंज ब्लॉक के नवई निवासी हृतिक को भी फाइलेरिया रोधी दवा खाने के बाद बुखार और उल्टी हुई थी। उन्होंने बुखार की दवा ली और चार घंटे बाद उन्हें आराम मिल गया। अब वह दूसरे लोगों को भी समझा रहे हैं कि दवा सेवन के बाद इस तरह की प्रतिक्रिया होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी आशा दीदी दवा खिलाने आएं तो डरें नहीं और उनके सामने ही दवा का सेवन करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे फाइलेरिया से बचाव के लिए आईडीए अभियान में स्वास्थ्यकर्मियों का पूरा सहयोग करें। यदि वे दवा सेवन के लिए पात्र हैं तो स्वास्थ्यकर्मियों के सामने ही निर्धारित दवाओं का सेवन जरूर करें। सामूहिक दवा सेवन से फाइलेरिया से बचाव संभव है। किसी भी तरह की आशंका या भ्रम होने पर स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी लें और दवा खाने से इनकार न करें।
अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सीएमओ डॉ. अजय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीएमओ ने सुपरवाइजरों और एमआई को नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करने तथा भ्रमण के दौरान सामने आने वाली कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नोडल अधिकारी जिला मलेरिया अधिकारी अर्चना मिश्रा, पाथ, पीसीआई और सीफार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा, औरास ब्लॉक में नोडल अधिकारी ने भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और सुपरवाइजर्स के साथ बैठक कर फील्ड में नियमित निगरानी करने और कमियों को चिह्नित कर उनका तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
