झांसी। संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत झांसी द्वारा स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज, प्रेमनगर स्थित सभागार में “विकसित भारत युवा संवाद-संविधान दिवस संस्करण” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की ऊर्जा, विचारशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित यूथ आइकॉन विवेक गोस्वामी, विशिष्ट अतिथि जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह तथा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह ने मेरा युवा भारत एवं विकसित भारत की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच का उपयोग राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
यूथ आइकॉन विवेक गोस्वामी ने “विकसित भारत 2047” विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों में निहित है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत और अधिक उत्तरदायी बन सकती है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपने संवैधानिक कर्तव्यों एवं पंच प्रण का पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के सवालों से जीवंत हुआ युवा संवाद
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों एवं यूथ आइकॉन के बीच हुआ सीधा संवाद रहा। विद्यार्थियों ने विकसित भारत, संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। यूथ आइकॉन ने उनके सवालों के जवाब देते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस संवाद के माध्यम से युवाओं में तार्किक चिंतन, प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करने का संदेश दिया गया
इसके उपरांत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने उपस्थित जनसमूह को शपथ दिलाई। सभी ने संविधान के आदर्शों, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर हिमानी आर्य, राधा कुशवाहा, रक्षा शर्मा एवं सृष्टि प्रजापति ने भी कार्यक्रम के विषय में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का औपचारिक समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर डॉ. ज्योति गुप्ता, किरन परिहार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन भूपेंद्र आर्य ने किया तथा अंत में अंकित श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
