पति बहू के जेवर और नकदी लेकर दूसरी महिला के साथ जाने का आरोप, पत्नी ने एसपी से लगाई गुहार

उन्नाव। उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली बसंता देवी ने अपने पति नंद किशोर के एक महिला के साथ चले जाने और घर से जेवरात व नकदी ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, बसंता देवी पत्नी नंद किशोर निवासी मकान नंबर 466, कल्याणी देवी नई बस्ती, खुजरिया बाग, थाना कोतवाली सदर, उन्नाव ने आरोप लगाया है कि उनके पति नंद किशोर (करीब 55 वर्ष) मंजू देवी पत्नी राजपाल निवासी कल्याणी देवी, खुजरिया बाग के साथ ईंट-गारा का काम करते थे। आरोप है कि मंजू देवी ने उनके पति को अपने प्रभाव में लेकर संपत्ति के लालच में साजिश रची।

पीड़िता के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे उनके पति काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन आरोप है कि वह काम पर न जाकर मंजू देवी के साथ घर में रखे बहू के करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद लेकर चले गए। इसके अलावा, जहां वह काम करते थे, वहां से भी पांच हजार रुपये लेकर जाने का आरोप लगाया गया है।

बसंता देवी ने बताया कि मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने 22 नवंबर को सदर कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आशंका जताई है कि संपत्ति के लालच में उक्त महिला उनके पति के साथ कोई गंभीर घटना भी कर सकती है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 24 नवंबर को फोन पर संपर्क किए जाने पर मंजू देवी की ओर से उनके चार वर्षीय बेटी वंदना के साथ हरियाणा में होने की जानकारी दी गई।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में गंभीरता से जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Related posts