उन्नाव। गंजमुराबाद आगामी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने तथा पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के उद्देश्य से गंजमुरादाबाद ब्लॉक कार्यालय में खंड विकास अधिकारी पंकज कुमार की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए इसे प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगामी पल्स पोलियो अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार ने अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 22 नवंबर को बूथ दिवस के अवसर पर पूरे ब्लॉक क्षेत्र में कुल 90 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इन बूथों पर पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद 23, 24, 25, 26 एवं 27 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का कार्य करेंगी।
इस अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए कुल 56 टीमें गठित की गई हैं, जबकि अभियान की निगरानी एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए 19 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।डॉ. धीरेंद्र कुमार ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथि पर नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहने पाए, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ कार्य करेगा।बैठक में शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पशुपालन विभाग, नगर पंचायत तथा स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, जिससे अधिक से अधिक अभिभावकों को इसकी जानकारी मिल सके और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर पंचायत कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
