67 खंभों पर खड़ा 4,988 करोड़ का नीतीश सेतु तैयार, 100 KM की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन; 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन

वैशाली: बिहार में गंगा पर बने बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन महासेतु के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सौगात दे सकते हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने राघोपुर में तैयारियां तेज कर दी हैं। रुस्तमपुर पंचायत के जमालपुर गांव में पुल के पाया नंबर 27 के पूर्वी हिस्से में करीब 20 से 25 एकड़ जमीन पर सफाई कर तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर यहीं उतरेगा और इसके बाद वह सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

22.76 किलोमीटर लंबा है महासेतु, 67 पायों पर टिका ढांचा

नीतीश सेतु का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल सड़क की फिनिशिंग, चिह्नांकन और सुरक्षा से जुड़े काम अंतिम चरण में हैं। कुल 22.76 किलोमीटर लंबे इस महासेतु में गंगा नदी पर 9.76 किलोमीटर का पुल और दोनों ओर 13 किलोमीटर लंबी पहुंच सड़क शामिल है।

करीब 4,988.4 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की चौड़ाई 32 मीटर है। इसका पूरा ढांचा 67 पायों पर टिका है और इसे इस तरह तैयार किया गया है कि वाहन अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन गति से गुजर सकें। अप्रैल 2026 में निर्माण का महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ था। उस दौरान पाया नंबर 61 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम सेगमेंट जोड़ा गया, जिसके साथ पुल का मुख्य ढांचागत काम पूरा हो गया।

कोरियाई तकनीक से तैयार हुआ पुल, एलएंडटी और देबू ने किया निर्माण

इस महासेतु का निर्माण एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की कंपनी देबू के संयुक्त उपक्रम ने किया है। पुल का डिजाइन भी कोरियाई कंपनी ने तैयार किया है। परियोजना के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक से करीब 3,000 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया, जबकि बिहार सरकार ने लगभग 2,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

इस पुल की सबसे बड़ी तकनीकी विशेषता एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे तकनीक है। इसमें केबल को सीधे टावरों से जोड़ने के बजाय पुल के डेक के नीचे एक बिंदु से दूसरे बिंदु तक जोड़ा गया है। इस तकनीक से पुल को मजबूती और टिकाऊपन मिलता है। देश में इस तरह की तकनीक से बने पुलों की संख्या भी सीमित है।

गांधी सेतु पर कम होगा दबाव, उत्तर बिहार का सफर होगा आसान

नीतीश सेतु के चालू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन का एक नया रास्ता उपलब्ध होगा। अब तक वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जाने वाले यात्रियों को मुख्य रूप से गांधी सेतु या जेपी सेतु का इस्तेमाल करना पड़ता था। इन मार्गों पर वाहनों की अधिकता के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है।

नए महासेतु के शुरू होने से यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की संभावना है।

2016 में हुआ था शिलान्यास, 2024 में खुला पहला हिस्सा

इस महासेतु की आधारशिला तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 31 जनवरी 2016 को रखी थी। इसके बाद 23 जुलाई 2024 को उन्होंने परियोजना के पहले चरण में एनएच-31 से राघोपुर तक बने 4.57 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन किया था। अब पूरे महासेतु के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।

नीतीश सेतु की प्रमुख विशेषताएं

  • कुल लंबाई: 22.76 किलोमीटर
  • गंगा पर पुल की लंबाई: 9.76 किलोमीटर
  • एप्रोच रोड: 13 किलोमीटर
  • निर्माण लागत: 4,988.4 करोड़ रुपये
  • कुल पाए: 67
  • पुल की चौड़ाई: 32 मीटर
  • डिजाइन गति: 100 किलोमीटर प्रति घंटा

Related posts