पुनरीक्षण अवधि में जनपद में कंट्रोल रूम हुआ स्थापित, 0510-2371100/1950 पर प्राप्त करें जानकारी और करा सकते हैं।
झाँसी।जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में प्रदेश में हो रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर मंगलवार को जनपद के राष्ट्रीय/राज्जीय मान्यताप्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SSR को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों, कार्यक्रमों और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो, उन्होंने राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया और आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए उपस्थित सभी राजनैतिक दलों से बूथ लेबल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का अनुरोध किया, जो पुनरीक्षण कार्यों में बीएलओ का सहायोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में ऐसे परिवार जिनके सदस्यों का अलग अलग बूथ पर मतदाता सूची में नाम शामिल है, वो जानकारी दें ताकि परिवार के सभी सदस्यों का एक ही बूथ पर नाम शामिल किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान काशीराम कॉलोनी,मलिन बस्ती एवं कुष्ठ आश्रम में भी कैंप आयोजित कर पात्र मतदाताओं को मतदान सूची में शामिल कराए जाने हेतु अभियान संचालित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण अवधि में ऐसे मतदाता जो अर्हता तिथि 01/01/2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवा मतदाता व छूटे हुए महिला मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकरण करा सकते हैं,जो मतदाता मृतक/स्थानांतरित हो गए हैं वह फार्म-7 भरकर अपमार्जन की कार्यवाही करा सकते हैं तथा जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अशुद्ध रूप से दर्ज हैं अथवा अपना पता बदलवाना चाहते हैं तो वह फार्म- 8 भरकर दे सकते हैं,उक्त सभी फार्म अपने बूथ के बीएलओ/ विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ के पास जमा करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी की नियुक्ति की गई है, जहां पर मतदाता सूची को भी देखा जा सकता है और दावे आपत्तियां प्राप्त कराई जा सकती हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की जानकारी देते हुए बताया कि आज एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया गया जिसकी विधानसभा बार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्राप्त कराई गई।
दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 11 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक होगी। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष अभियान की तिथियाँ 21 नवम्बर/ 22 नवम्बर 2026 एवं 28 नवम्बर/29 नवम्बर 2026 हैं, दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक होगी। 07 जनवरी, 2027 को निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने सभी राजनैतिक दलों और मतदाताओं से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की, उन्होंने कहा कि स्वीप के कार्यक्रमों को भी राजनीतिक दलों के साथ साझा करेंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
