महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 18 साल की एक युवती प्रेमी से शादी करने की जिद लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने परिजनों की ओर से रिश्ते को मंजूरी नहीं मिलने पर टावर से छलांग लगाने की धमकी दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने परिजनों की मदद से काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
दूसरी जाति के युवक से करना चाहती थी शादी
यह मामला निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया गांव का है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवती का शीशगढ़ गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध है। वह उससे शादी करना चाहती है, लेकिन युवक के दूसरी जाति का होने के कारण उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिवार की असहमति से नाराज युवती ने रविवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकलने का फैसला किया।
बताया गया कि युवती शौच जाने की बात कहकर घर से निकली और गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वहां से उसने साफ कर दिया कि अगर उसकी शादी की मांग नहीं मानी गई तो वह नीचे छलांग लगा देगी।
टावर पर युवती को देख जुटी ग्रामीणों की भीड़
युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर उसके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और परिवार के लोगों ने युवती को लगातार समझाने की कोशिश की। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद आखिरकार युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।
पूछताछ के लिए थाने ले गई पुलिस
निचलौल थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवती को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया है। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
