उन्नाव। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के जोगीकोट गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित जावेद खान ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की गंभीरता से जांच कराने और प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
बता दे कि प्रार्थना पत्र के अनुसार, जावेद का भाई तहजीब पित्तनाखेड़ा निवासी भोला पुत्र कालीचरन के प्लॉट पर किराये की दुकान लेकर पत्थर का कारोबार करता था। आरोप है कि 8 अक्टूबर 2026 को तहजीब दुकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। भाई का फोन नहीं उठने पर जावेद ने प्लॉट मालिक भोला से संपर्क किया। आरोप है कि भोला ने कई बार दरवाजा खटखटाया और हाथ डालकर कुंडी खोली, जिसके बाद तहजीब का शव फंदे से लटका मिला।
जावेद का दावा है कि मेडिकल रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटने और शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। इसी आधार पर उसने आशंका जताई है कि उसके भाई की हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटकाया गया। उसने पुलिस से मृतक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाकर जांच कराने की भी मांग की है।
