झाँसी। अपराध की रोकथाम एवं अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत महिला की संदिग्ध मौत की घटना का पुलिस द्वारा सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिनांक 15-10-2026 को थाना कोतवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि छत से गिरने के कारण एक महिला की मृत्यु हो गई है, जिस पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी थी तथा घटना स्थल के आसपास साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई थी।
जाँच के दौरान मृतका की माता द्वारा थाना कोतवाली पर दिनांक 16-10-2026 को दी गई तहरीर से यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतका अपने पति की मृत्यु के पश्चात पति के दोस्त लालाराम के साथ कोतवाली क्षेत्र में किराए पर साथ रह रही थी। दिनांक 14-10-2026 की शाम को प्याज काटने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिस पर गुस्से में आकर अभियुक्त लालाराम ने वहाँ रखे हंसिया से उसके सिर पर वार कर दिया जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ने पर अभियुक्त ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे गिर गई और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त लाला राम को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (हसिया) को भी बरामद कर लिया गया है।
