उन्नाव । नवाबगंज ब्लॉक के 13 आरोग्य मंदिरों पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, CHO की हड़ताल से ग्रामीण परेशान नवाबगंज ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर इन दिनों मरीजों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के 13 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर पिछले करीब 20 दिनों से ताले लगे होने की बात सामने आई है।
इससे ग्रामीणों को इलाज और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम सहित अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने के बीच स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंद मरीजों के लिए ये केंद्र काफी सहायक साबित होते रहे हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति में उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्राम पंचायत जैतीपुर निवासी बुजुर्ग उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि वह आयुष्मान आरोग्य मंदिर में इलाज करा रहे थे, लेकिन केंद्र पर ताला लगा होने से उन्हें दिक्कत हो रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द स्वास्थ्य सेवाएं बहाल कराने की अपील की। वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) हड़ताल पर हैं। हड़ताल समाप्त होते ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सुविधाएं फिर से शुरू होने की उम्मीद है। ग्रामीणों की मांग है कि मरीजों की परेशानी को देखते हुए जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके।
