जनता की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश
उन्नाव। सदर विधायक पंकज गुप्ता के आवास पर लगातार जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनते हुए विधायक ने उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें पेंशन से संबंधित सामने आईं। लोगों ने पेंशन से जुड़ी परेशानियों और समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनका कर्तव्य है। जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निस्तारण कराना आवश्यक है।
विधायक ने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
