डिप्टी सीएम बोले- भाजपा का साधारण कार्यकर्ता भी अयोध्या से जीत सकता है चुनाव……..

उन्नाव । डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उन्नाव पहुंचकर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने चेयरमैन प्रतिनिधि भानू मिश्रा के पिता के निधन पर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का साधारण कार्यकर्ता भी अयोध्या से चुनाव जीतकर आ सकता है। डिप्टी सीएम ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी समझ चुकी है कि 2027 के चुनाव में उसकी दाल गलने वाली नहीं है। इसलिए पार्टी के नेता तरह-तरह के बयान देकर अखबारों में छपना चाहते हैं।

उन्होंने सपा पर जाति और मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि सपा को अपने चार बार के शासनकाल में किए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता से वोट मांगना चाहिए।

बता दे कि ब्रजेश पाठक ने अयोध्या में कारसेवकों की हत्या का मुद्दा उठाते हुए सपा से जवाब मांगा। अखिलेश यादव के अयोध्या में विकास को आगे बढ़ाने के दावे पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय वहां क्या हुआ था, यह सभी जानते हैं।

उन्होंने दावा किया कि अयोध्या अब विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित हो रही है। डिप्टी सीएम ने सपा पर अपराधियों को संरक्षण देने और पूर्ववर्ती सरकार में महिलाओं की सुरक्षा की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली सरकार में जमीन, दुकान और मकानों पर कब्जा करने वालों को बढ़ावा मिलता था। भाजपा सरकार में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते समय अपना-पराया नहीं देखा जाता। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजा जाता है।

भ्रष्टाचार के मामलों में भी किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्नाव में एक्सप्रेसवे होने के बावजूद स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और हार्ट सेंटर नहीं होने से जुड़े सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सा व्यवस्थाओं के उच्चीकरण का काम लगातार चल रहा है। सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्नाव में जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द काम किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग पर विपक्षी दलों और इंडिया गठबंधन की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष जब चुनाव जीतता है तो आयोग अच्छा लगता है, लेकिन हारने पर उसी पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में संभावित हार को देखते हुए विपक्षी दल इस तरह के बयान दे रहे हैं। दिल्ली में प्रदर्शन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को परेशानी से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अखिलेश यादव के महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे पर ब्रजेश पाठक ने सवाल उठाते हुए कहा कि सपा को बताना चाहिए कि अपने शासनकाल में उसने महिलाओं के लिए क्या किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल था। भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बिजली और सड़कों की स्थिति खराब थी, जबकि अब इनमें सुधार हुआ है।

सड़कों पर गड्डों और भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर उन्होंने विकास को प्राथमिकता देने और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही। लोक जनशक्ति पार्टी के 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी का स्वागत है।

Related posts