नई दिल्ली: भारत में एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने के मुद्दे पर विवाद गहराता जा रहा है। मस्क की ओर से भारतीय उद्योगपति अंबानी का नाम लेकर सवाल उठाए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनका समर्थन किया। राहुल गांधी के इस रुख पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने सवाल उठाया है कि कांग्रेस अब एक विदेशी अरबपति के पक्ष में क्यों खड़ी दिखाई दे रही है।
बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर एलन मस्क के बयान का समर्थन करने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी और एलन मस्क की सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए। भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने हमेशा भारत के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ खड़े होने का रास्ता चुना है।
प्रदीप भंडारी ने अपने पोस्ट में लिखा कि अप्रैल 2026 में कांग्रेस यह आरोप लगा रही थी कि सरकार एक विदेशी अरबपति का पक्ष ले रही है, जबकि अक्टूबर 2026 में कांग्रेस पूछ रही है कि सरकार एक विदेशी अरबपति का पक्ष क्यों नहीं ले रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय हितों से जुड़े मामलों में उनका रुख हमेशा विरोध का रहा है। भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारतीय राज्य-व्यवस्था के खिलाफ हैं।
एलन मस्क ने अंबानी का नाम लेकर उठाए सवाल
स्टारलिंक को भारत में लाइसेंस नहीं मिलने का मुद्दा उस समय चर्चा में आया, जब एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए। डॉ. अनिरुद्ध की एक पोस्ट साझा करते हुए मस्क ने कहा कि स्टारलिंक को 165 देशों में लाइसेंस मिला हुआ है। इसके बावजूद पांच साल तक सभी जरूरी दिशानिर्देशों को पूरा करने के बाद भी भारत में कंपनी को लाइसेंस क्यों नहीं मिल रहा है।
मस्क ने इसी पोस्ट में भारतीय उद्योगपति अंबानी का नाम लेते हुए सवाल किया कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं। उनके इस बयान के बाद भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस देने के मुद्दे पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया।
राहुल गांधी ने कहा- भारत में आपका स्वागत है
एलन मस्क के सवालों पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए उनका भारत में स्वागत किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “एलन, भारत में आपका स्वागत है। उस दूसरे व्यक्ति के बारे में जानने का थोड़ा इंतजार करें।”
राहुल गांधी के इस जवाब पर एलन मस्क ने धन्यवाद देते हुए प्रतिक्रिया दी। मस्क ने लिखा, “धन्यवाद, राहुल। यह वाकई चिंताजनक है।” राहुल गांधी की इस प्रतिक्रिया के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया और उसके रुख पर सवाल उठाए।
भारत सरकार ने भेदभाव के आरोपों को किया खारिज
स्टारलिंक को लाइसेंस नहीं मिलने को लेकर एलन मस्क की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भारत सरकार उनके आरोपों को खारिज कर चुकी है। सरकार का कहना है कि देश में उपग्रह संचार सेवाओं से जुड़े नियम सभी कंपनियों पर समान रूप से लागू होते हैं और स्टारलिंक के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
सरकार ने अपने बयान में कहा है कि भारत का उपग्रह संचार नियामक ढांचा निष्पक्ष और भेदभाव रहित है। साथ ही, सरकार ने बताया कि तीन कंपनियों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं, क्योंकि वे सरकारी दिशानिर्देशों से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रही थीं।
