उन्नाव में गाजे-बाजे के साथ विराजे ‘लोकनगर के राजा’, गणपति बाप्पा के जयकारों से गूंजा पूरा इलाका

उन्नाव (देवेश प्रताप सिंह राठौर) : गणेश चतुर्थी महोत्सव के अवसर पर सोमवार को ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ समिति के तत्वावधान में लोकनगर क्षेत्र में भव्य गणेश स्थापना का आयोजन किया गया। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और धार्मिक उत्साह के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा विधि-विधान के साथ स्थापित की गई।

भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

‘लोकनगर के राजा’ गणपति स्थापना कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर “गणपति बाप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया और उनकी आराधना की।

सात दिवसीय महोत्सव में होंगे कई धार्मिक आयोजन

नर सेवा-नारायण सेवा समिति के जिलाध्यक्ष राकेश ने बताया कि सात दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान 20 सितंबर 2026 को भव्य जागरण और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 21 सितंबर 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

21 सितंबर को निकलेगी विसर्जन यात्रा

समिति के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे भगवान गणेश की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। पूरा धार्मिक आयोजन चौधरी खजान सिंह कॉलेज, लोकनगर, उन्नाव परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

 

Related posts