संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में घर पर बनाए गए नूडल्स खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। खाना खाने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, चक्कर, जी मिचलाने और घबराहट की शिकायत होने लगी। करीब 12 घंटे बाद भी पांचों को चक्कर की परेशानी बनी हुई है। सभी का निजी चिकित्सक से इलाज कराया जा रहा है। हालांकि, नूडल्स खाने से ही तबीयत बिगड़ी, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
घर में बनाए नूडल्स खाने के बाद बिगड़ी हालत
असमोली थाना क्षेत्र के गुमसानी गांव निवासी ज्ञान सिंह पुत्र पूरन सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब आठ बजे वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बिजनौर जिले के जहानाबाद धाम पर जात लगाने और प्रसाद चढ़ाने गए थे। घर पर उनकी सास सोनाबती, समधन अनेकबती, दो बेटियां सुआली और निशा तथा बेटा विशेष मौजूद थे।
रात करीब नौ बजे सुआली पड़ोस की दुकान से नूडल्स के पैकेट लेकर आई। घर में नूडल्स तैयार किए गए और पांचों ने उन्हें खाया। कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को उल्टी हुई तो किसी को चक्कर, जी मिचलाने और घबराहट की शिकायत हुई। हालत इतनी खराब हो गई कि कई लोगों के लिए चारपाई से उठना भी मुश्किल हो गया।
घरेलू इलाज से नहीं हुआ सुधार, डॉक्टर के पास पहुंचे
परिजनों की हालत देखकर पड़ोसी भी उनके घर पहुंच गए। उन्होंने घरेलू स्तर पर देखभाल के साथ दवा दिलाई, लेकिन तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद किसी ने जहानाबाद धाम में मौजूद ज्ञान सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर ज्ञान सिंह गुरुवार सुबह घर लौटे और सभी पांच लोगों को निजी चिकित्सक के पास ले गए। ज्ञान सिंह के मुताबिक, चिकित्सक ने उल्टी और चक्कर के कारण बीपी काफी कम होने की बात कही और किसी अच्छे चिकित्सक से जांच कराने की सलाह दी।
12 घंटे बाद भी चक्कर की शिकायत
परिजनों के मुताबिक, घटना के करीब 12 घंटे बाद भी पांचों को चक्कर आ रहे हैं। उन्हें शौचालय जाने और अन्य जरूरी कामों के लिए सहारे की जरूरत पड़ रही है। फिलहाल सभी घर पर हैं और निजी चिकित्सक से उपचार चल रहा है।
एक साथ पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने नूडल्स को लेकर आशंका जताई है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नूडल्स के पैकेट की एक्सपायरी भी नहीं हुई थी
परिजनों ने बताया कि नूडल्स के पैकेट दुकान से खरीदे गए थे। पैकेट पर निर्माण की तारीख 3 फरवरी 2026 और समाप्ति की तारीख 2 नवंबर 2026 दर्ज है। यानी घटना के समय नूडल्स की निर्धारित अवधि समाप्त नहीं हुई थी।
सीएचसी प्रभारी हेमंत कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले की जानकारी कराए जाने की बात कही है।
