लश्कर आतंकी आबिद रमज़ान शेख के घर पर फहराया तिरंगा, माता-पिता ने शान से मनाया स्वतंत्रता दिवस

शोपियां: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जम्मू-कश्मीर के शोपियां से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकवादी आबिद रमज़ान शेख के माता-पिता ने शोपियां के छोटीपोरा स्थित अपने घर पर तिरंगा फहराया। सामने आई तस्वीर में माता-पिता अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते नजर आ रहे हैं।

देशभर में आजादी का जश्न मनाया जा रहा है और अलग-अलग हिस्सों से तिरंगा फहराने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। इसी बीच शोपियां के छोटापारा इलाके की यह तस्वीर खास चर्चा में है, जहां एक सक्रिय आतंकवादी के परिवार ने अपने घर पर तिरंगा फहराया। तस्वीर में माता-पिता के चेहरे पर देश के प्रति गर्व और स्वाभिमान दिखाई दे रहा है।

कौन है आबिद रमज़ान शेख

आबिद रमज़ान शेख लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर है। उसके निर्देश पर कई बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। उसके खिलाफ कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। वर्ष 2022 में जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान की हत्या में भी उसके शामिल होने के आरोप लगे थे। इस मामले में उस समय हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

सीआरपीएफ जवान मुख्तार अहमद की हुई थी हत्या

वर्ष 2022 में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ जवान मुख्तार अहमद की शोपियां के चेक चोटीपुरा इलाके में स्थित उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में तत्कालीन पुलिस अधिकारियों की ओर से बताया गया था कि सीआरपीएफ जवान की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी उसकी निशानदेही पर बरामद की गई।

जांच के दौरान एक ओवर ग्राउंड वर्कर को भी गिरफ्तार किया गया था, जिस पर आतंकवाद से जुड़े इस अपराध में सहयोग करने का आरोप था। यह हमला लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया गया था और आबिद रमज़ान शेख के निर्देश पर इस हमले को अंजाम दिए जाने का आरोप लगा था।

आतंकी के परिवार की तस्वीर बनी चर्चा का विषय

स्वतंत्रता दिवस के दिन सामने आई इस तस्वीर में आबिद रमज़ान शेख के माता-पिता अपने घर पर तिरंगा फहराते दिखाई दे रहे हैं। आतंकवाद से जुड़े उसके आरोपों और गतिविधियों के बीच परिवार की ओर से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने की तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा है।

 

Related posts