UP Weather Today: अगस्त में मेहरबान हुआ मानसून, झमाझम बारिश से लुढ़का तापमान, 10 अगस्त तक राहत के आसार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगस्त की शुरुआत मानसून के लिए राहतभरी साबित हो रही है। जुलाई में बारिश की कमी के बाद अब अगस्त लगातार उसकी भरपाई करता नजर आ रहा है। बुधवार देर शाम शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी पूरे दिन जारी रही, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 10 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।

मेरठ में बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार रात सबसे अधिक 56.9 मिलीमीटर बारिश मेरठ में दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम 5:30 बजे तक 23 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस वर्ष जून और जुलाई के दौरान मेरठ में कुल 665.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य औसत 308.3 मिलीमीटर है। जुलाई 2026 में अकेले 573.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो पिछले एक दशक में सबसे अधिक है।

अगस्त के पहले सप्ताह में ही सामान्य बारिश का लगभग आधा आंकड़ा

मेरठ में छह अगस्त तक अगस्त माह के शुरुआती छह दिनों में 103.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह अगस्त की सामान्य 217.9 मिलीमीटर वर्षा का लगभग 47.7 प्रतिशत है। वर्ष 2016 से 2026 के बीच अगस्त के शुरुआती छह दिनों में यह दूसरी सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

जुलाई की कमी पूरी कर रहा अगस्त

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून इस बार करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचा था, लेकिन अगस्त में हो रही लगातार बारिश उसकी भरपाई करती दिखाई दे रही है। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार जुलाई 2026 में दीर्घकालिक औसत के मुकाबले 29 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई में जहां 246.4 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहां केवल 175.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अगस्त के पहले सप्ताह में ही 106.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो जुलाई के पहले सप्ताह की तुलना में ढाई गुना अधिक है।

एक दशक के आंकड़ों में 2021 सबसे अधिक बारिश वाला वर्ष

लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार वर्ष 2021 में प्रदेश में सर्वाधिक 1207.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। वहीं सबसे कम वर्षा 2022 में 510.6 मिलीमीटर रही। वर्ष 2017 में 686.9 मिलीमीटर, 2018 में 694.2 मिलीमीटर, 2019 में 1079.6 मिलीमीटर, 2020 में 625.8 मिलीमीटर, 2023 में 510.6 मिलीमीटर, 2024 में 652.2 मिलीमीटर, 2025 में 806.1 मिलीमीटर और वर्ष 2026 में जुलाई तक 275.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

लखनऊ में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव

बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में 78.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वर्ष 2020 के बाद अगस्त में यह तीसरी बार इतनी भारी बारिश दर्ज हुई है। चार अगस्त को भी शहर में 66.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। हजरतगंज और आसपास के क्षेत्रों में 54.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा एयरपोर्ट पर 14.0 मिलीमीटर, मलिहाबाद में 10.0 मिलीमीटर, सरोजनीनगर में 2.0 मिलीमीटर और मोहनलालगंज में 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बारिश के चलते उदयगंज, कैसरबाग, हजरतगंज, भाजपा मुख्यालय के आसपास और शहीद पथ सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

लगातार बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। दिन के अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है।

10 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम का बदला हुआ मिजाज अभी बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है और 10 अगस्त तक वर्षा का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।

 

Related posts