मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल! दो गुटों में जमकर मारपीट, पुलिस की जिप्सी से खींचकर युवक को लाठी-डंडों से पीटा

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-दून हाईवे स्थित कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों के दो गुटों के बीच देर रात विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान भीड़ ने पुलिस की जिप्सी में बैठे एक कांवड़िये को बाहर खींच लिया और उसके साथ लाठी-डंडों, थप्पड़ों और लात-घूंसों से मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

बाइक की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे नोएडा निवासी सोनू अपने साथी गुड्डू के साथ बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहा था। इसी दौरान मेरठ के दौराला क्षेत्र में सामने से गंगाजल लेकर लौट रहे एक अन्य बाइक सवार कांवड़िये से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।

भीड़ ने पुलिस की जिप्सी से बाहर खींचकर की पिटाई
सूचना मिलने पर सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सोनू व गुड्डू को भीड़ से बचाने के लिए पुलिस की जिप्सी में बैठा लिया। इसी बीच पैदल आ रहे अन्य कांवड़ियों को जब यह जानकारी मिली कि टक्कर में शामिल लोग जिप्सी में बैठे हैं, तो वे आक्रोशित हो गए। भीड़ ने जिप्सी से एक कांवड़िये को बाहर खींच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। वहीं दूसरे व्यक्ति के साथ वाहन के अंदर भी हाथापाई हुई।

पुलिस ने वायरल दावे को बताया भ्रामक
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने कहा कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों को जिप्सी से बाहर निकालकर पीटा गया, जबकि ऐसा नहीं हुआ। उनके अनुसार, जिप्सी से बाहर निकालकर जिस व्यक्ति की पिटाई की गई, वह कांवड़िया सोनू या गुड्डू था, पुलिसकर्मी नहीं। उन्होंने बताया कि बीच-बचाव के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ और कंधे पर हल्की चोट आई है। मामले में हंगामा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसपी सिटी ने क्या कहा?
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि दो बाइक टकराने के बाद दोनों पक्षों के कांवड़ियों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया और उन्हें उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के साथ पुलिसकर्मियों की पिटाई का दावा भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मारपीट कांवड़ियों के बीच हुई थी और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 

Related posts