दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से जारी है। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के मतों की गणना शुरू हुई। शुरुआती दो राउंड के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी बढ़त बनाए हुए हैं।
दो राउंड के बाद भाजपा को करीब 965 वोटों की बढ़त
अब तक सामने आए दो राउंड के रुझानों के अनुसार भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह से करीब 965 मतों से आगे चल रहे हैं। दो राउंड की गिनती के बाद भाजपा के कुल 8,253 वोट हो गए हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 7,288 वोट पहुंचे हैं। वहीं आजाद समाज पार्टी को अब तक कुल 3,650 वोट मिले हैं।
पहले राउंड में भाजपा ने बनाई शुरुआती बढ़त
पहले राउंड की मतगणना में भाजपा उम्मीदवार को 4,551 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 3,367 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी को इस चरण में 1,917 वोट मिले। शुरुआती दौर से ही भाजपा ने बढ़त बनाकर मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
दूसरे राउंड में कांग्रेस को ज्यादा वोट, लेकिन बढ़त भाजपा के पास
दूसरे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को 3,921 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 3,702 मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के खाते में 1,533 वोट आए। हालांकि दूसरे राउंड में कांग्रेस को अधिक वोट मिले, लेकिन पहले राउंड में मिली बढ़त के कारण भाजपा कुल मतों में आगे बनी हुई है।
नतीजों से पहले दोनों दलों ने जताया जीत का भरोसा
मतगणना शुरू होने से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया था। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी की 25 हजार मतों से जीत का दावा किया, जबकि भाजपा नेताओं ने भी बड़े अंतर से जीत का भरोसा जताया। अब सभी की नजरें अंतिम परिणाम पर टिकी हैं, जिससे तय होगा कि दतिया विधानसभा सीट पर भाजपा अपना कब्जा बरकरार रखती है या कांग्रेस वापसी करने में सफल होती है।
