लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक और बड़ा फेरबदल करते हुए नौ अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। सचिवालय प्रशासन अनुभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार गृह, वित्त, परिवहन, ऊर्जा, कार्मिक, राज्य संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके साथ ही संबंधित तबादला सूची भी जारी कर दी गई है।
इससे पहले सोमवार को प्रदेश सरकार ने करीब 41 प्रदेश प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया था। अब एक दिन बाद नौ अधिकारियों के विभागों में बदलाव कर प्रशासनिक व्यवस्था में नया फेरबदल किया गया है।
इन विभागों में किए गए बदलाव
सचिवालय प्रशासन अनुभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इस फेरबदल में संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी प्रभावित हुए हैं। शासन ने राज्य विभाग, राज्य संपत्ति विभाग, वित्त विभाग, कार्मिक विभाग, गृह विभाग, बाध्य प्रतीक्षा, परिवहन विभाग, ऊर्जा विभाग तथा नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग में नई तैनातियां और विभागीय बदलाव किए हैं।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
सरकार की ओर से जिन अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है, उनमें संजीव कुमार श्रीवास्तव, आनंद कौशिक, राजेश पाण्डेय, अजीत कुमार सिन्हा, सत्येन्द्र प्रताप सिंह, अवंतिका प्रसाद राय, नितिन कुमार गुप्ता, आनंद कुमार सिंह और लाल मणि यादव शामिल हैं।
सचिवालय प्रशासन अनुभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए तबादला सूची भी सार्वजनिक कर दी है, जिसके अनुसार संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
