वाराणसी से पूरे देश में जाएगा संत रविदास का संदेश! 500 महिलाओं की कलश यात्रा, आज CM योगी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे समरसता अभियान का शुभारंभ

वाराणसी: संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शुरू किए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ की तैयारियां वाराणसी में जोर-शोर से चल रही हैं। मंगलवार को संत रविदास स्मारक से पवित्र मिट्टी एकत्र कर 131 कलशों की भव्य यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 500 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। कलश यात्रा मंदिर पहुंची, जहां सभी कलश स्थापित किए गए।

बुधवार 29 जुलाई को इन कलशों को जनसभा स्थल पर ले जाया जाएगा। यहां शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संत निरंजन दास कलश पूजन के बाद सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पवित्र मिट्टी से भरे कलश विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपे जाएंगे।

27 राज्यों में पहुंचेगी जन्मस्थली की पावन माटी

30 जुलाई को 27 राज्यों से आए प्रतिनिधि इन कलशों को लेकर अपने-अपने राज्यों के लिए रवाना होंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से भी कलश संग्रह टोलियां निकलेंगी। भाजपा ने संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है, जो 20 फरवरी तक चलेगा।

20 हजार से अधिक स्थानों तक पहुंचेगी पवित्र मिट्टी

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बताया कि संत रविदास की जन्मस्थली की पावन माटी का पूजन कर उसे 131 कलशों में संग्रहित किया गया है। यह पवित्र मिट्टी देशभर के 20 हजार से अधिक स्थानों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ‘बेगमपुरा’ की ऐसी कल्पना प्रस्तुत की थी, जहां किसी प्रकार का भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान के साथ जीवन जी सके। उनके 650वें जयंती वर्ष का आयोजन उनके विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

समानता और सामाजिक एकता का संदेश दिया: लाल सिंह आर्य

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत रविदास ऐसे समय में समाज के सामने आए, जब सामाजिक विषमताएं और कुरीतियां व्यापक थीं। उन्होंने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से यह संदेश दिया कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, गुण और चरित्र से होती है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया।

संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे संत रविदास: धर्मपाल सिंह

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि संत रविदास किसी एक समाज या वर्ग के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उन्होंने समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों को सम्मान, आत्मविश्वास और नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

रविदास घाट पर होगा दीपोत्सव

अभियान के तहत ‘गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान’ भी आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत रविदास घाट पर 11 हजार दीप और श्री रविदास स्मारक स्थल पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। 29 जुलाई को देशभर के संत रविदास मंदिरों के साथ-साथ भाजपा के सभी मंडल स्तर पर भी दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

600 बसें और 500 छोटे वाहनों की व्यवस्था

कार्यक्रम में आने वाले संत-महात्माओं के ठहरने और भोजन की दो दिनों की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए 600 बसों और स्थानीय स्तर पर 400 बसों की व्यवस्था की गई है। वहीं स्थानीय आवागमन के लिए 500 ऑटो-रिक्शा और छोटे वाहनों की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम के लिए 131 विशेष कलश और संत-महात्माओं के लिए 500 विशेष किट बैग भी तैयार किए गए हैं। साथ ही दीपोत्सव और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है।

 

Related posts