मुंबई: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था, लेकिन मेकर्स ने आखिरी वक्त पर इसे स्थगित कर दिया है। ट्रेलर टलने की जानकारी निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस की नाराजगी खुलकर सामने आई और कई यूजर्स ने मेकर्स के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
24 जुलाई को नहीं आएगा ट्रेलर
‘रामायण पार्ट-1’ का ट्रेलर शुक्रवार, 24 जुलाई को रिलीज किया जाना था। हालांकि अब इसकी रिलीज अगले आदेश तक टाल दी गई है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि ट्रेलर अब बाद में दुनियाभर में एक साथ लॉन्च किया जाएगा।
ग्लोबल साझेदारी बनी पोस्टपोन की वजह
नमित मल्होत्रा ने अपने पोस्ट में बताया कि फिल्म के लिए सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ वैश्विक साझेदारी हुई है। इसी वजह से ट्रेलर की रिलीज रणनीति में बदलाव किया गया है। उनका कहना है कि अब ट्रेलर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक साथ रिलीज किया जाएगा, जिससे फिल्म को वैश्विक पहचान मिलेगी।
सोशल मीडिया पर फूटा फैंस का गुस्सा
ट्रेलर पोस्टपोन होने की घोषणा के बाद कमेंट सेक्शन में फैंस ने जमकर नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, “सर, आपने सही फैसला नहीं लिया।” दूसरे यूजर ने लिखा कि पहले जबरदस्त माहौल बनाया जाता है और फिर रिलीज टाल दी जाती है, जो बेहद निराशाजनक है। एक अन्य यूजर ने कहा कि वह ट्रेलर देखने के लिए सुबह तीन बजे तक जागा था, लेकिन अब वह न ट्रेलर देखेगा और न ही फिल्म। वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि क्या यह सब मजाक है?
नमित मल्होत्रा ने बताई नई रणनीति
निर्माता ने कहा कि उनका सपना हमेशा ‘रामायण’ को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का रहा है और अब सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के जरिए यह सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह एक गर्व का क्षण होगा, जब ‘रामायण’ को किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म की तरह वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाएगा। उनका मानना है कि इससे दुनिया भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं को और करीब से जान सकेगी।
ट्रेलर को मिल चुका है यू सर्टिफिकेट
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार, ‘रामायण’ के ट्रेलर को 15 जुलाई को ‘यू’ प्रमाणपत्र मिल चुका है। यानी इसे हर आयु वर्ग के दर्शक देख सकते हैं। ट्रेलर के दो संस्करण तैयार किए गए हैं। पहला संस्करण 4 मिनट 15 सेकंड का है, जबकि सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाला दूसरा संस्करण 4 मिनट का होगा।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार हो रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर दुनियाभर के आईमैक्स सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
