DU UG Admission 2026: 71 हजार सीटों के लिए आज जारी होगी पहली अलॉटमेंट लिस्ट, जानें पूरा एडमिशन शेड्यूल

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया आज से नए चरण में प्रवेश करने जा रही है। विश्वविद्यालय गुरुवार शाम 5 बजे तक कॉमन सीट अलॉटमेंट सिस्टम (CSAS) के तहत पहली सीट आवंटन सूची जारी करेगा। इस वर्ष विश्वविद्यालय की करीब 71 हजार स्नातक सीटों पर प्रवेश होंगे। दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और छात्रों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सीट स्वीकार करने से लेकर फीस जमा करने तक की सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

इस सत्र में 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और बीए के 150 कार्यक्रम संयोजनों में प्रवेश दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार, दाखिले के लिए 2,06,835 अभ्यर्थियों ने कॉलेज और पाठ्यक्रमों की अपनी प्राथमिकताएं जमा की हैं।

पहली सीट अलॉटमेंट के बाद क्या होगी प्रक्रिया

पहली सीट आवंटन सूची जारी होने के बाद जिन अभ्यर्थियों को सीट मिलेगी, उन्हें 16 से 18 जुलाई के बीच अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद संबंधित कॉलेज 16 से 20 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 21 जुलाई तक ऑनलाइन फीस जमा कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा।

यदि कोई छात्र आवंटित सीट से संतुष्ट नहीं है तो वह ‘अपग्रेड’ विकल्प चुन सकता है। ऐसे अभ्यर्थियों को अगले राउंड से पहले अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकताओं में बदलाव करने का अवसर भी मिलेगा।

दूसरी सूची कब आएगी

विश्वविद्यालय 25 जुलाई को दूसरी सीट आवंटन सूची जारी करेगा। इस सूची में चयनित अभ्यर्थी 26 जुलाई तक सीट स्वीकार कर सकेंगे। इसके बाद 25 से 27 जुलाई के बीच कॉलेज आवेदन सत्यापित करेंगे और पात्र पाए जाने पर प्रवेश स्वीकृत करेंगे। दूसरी सूची के तहत फीस जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई निर्धारित की गई है।

यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो विश्वविद्यालय तीसरी सीट आवंटन सूची जारी करेगा। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षाएं 28 जुलाई से शुरू होंगी।

ऐसे देखें सीट अलॉटमेंट रिजल्ट

अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की स्नातक प्रवेश वेबसाइट पर जाकर अपने सीयूईटी आवेदन संख्या और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर सीट आवंटन परिणाम देख सकेंगे। लॉगिन के बाद आवंटित कॉलेज, पाठ्यक्रम और अन्य विवरण स्क्रीन पर उपलब्ध होंगे, जिन्हें डाउनलोड भी किया जा सकता है।

रिजल्ट में क्या-क्या जानकारी मिलेगी

पहली सीट आवंटन सूची में अभ्यर्थी का नाम, आवेदन संख्या, श्रेणी, रैंक, आवंटित कॉलेज, आवंटित पाठ्यक्रम और सीयूईटी यूजी 2026 के नॉर्मलाइज्ड अंक दर्ज होंगे। इसके साथ संबंधित कटऑफ भी जारी की जाएगी।

दाखिले के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी

दाखिले के दौरान अभ्यर्थियों को सीयूईटी यूजी 2026 स्कोरकार्ड, कक्षा 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पासपोर्ट आकार का फोटो, वैध पहचान पत्र तथा आवश्यकता होने पर माइग्रेशन या ट्रांसफर सर्टिफिकेट अपलोड करना होगा।

 

Related posts