नई दिल्ली: बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस की फिल्म ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 78वें प्राइम टाइम एमी अवॉर्ड्स के लिए इस एक्शन-कॉमेडी फिल्म को नामांकन मिला है। फिल्म को आउटस्टैंडिंग टेलीविजन मूवी श्रेणी में नॉमिनेट किया गया है।
हॉलीवुड में प्रियंका की सफलता को मिली नई पहचान
प्रियंका चोपड़ा साल 2012 से लगातार हॉलीवुड में सक्रिय हैं और कई फिल्मों व वेब सीरीज में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं। ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ में उन्होंने हॉलीवुड सितारों जॉन सीना और इद्रिस एल्बा के साथ अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म को दर्शकों से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।
टेलीविजन अकादमी ने किया आधिकारिक ऐलान
फिल्म के नामांकन की आधिकारिक घोषणा टेलीविजन अकादमी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच के जरिए की। नामांकन मिलने के बाद प्रियंका चोपड़ा के साथ-साथ फिल्म के अन्य कलाकारों और पूरी टीम के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
14 सितंबर को होगा विजेताओं का ऐलान
78वें प्राइम टाइम एमी अवॉर्ड्स के विजेताओं की घोषणा 14 सितंबर 2026 को की जाएगी। ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ का मुकाबला इसी श्रेणी में नामांकित अन्य फिल्मों रीमार्कबली ब्राइट क्रीचर्स, मिस यू लव यू, रेयान घोस्ट वॉर और पीपल वी मेट ऑन ए वेकेशन से होगा।
ओटीटी पर मिली थी जबरदस्त सफलता
‘हेड्स ऑफ स्टेट’ का वैश्विक प्रीमियर वर्ष 2025 में अमेजन प्राइम वीडियो पर किया गया था। रिलीज के बाद फिल्म ने अपनी दमदार एक्शन, कॉमेडी और मनोरंजक कहानी के दम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और ओटीटी की चर्चित फिल्मों में अपनी जगह बनाई।
