PM आवास योजना 2.0: घर बनाने के लिए मिलेंगे 2.80 लाख रुपये तक, नगर निगम ने शुरू किए आवेदन

अलीगढ़: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र परिवारों को अपना पक्का घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। नगर निगम के अनुसार, सामान्य पात्र लाभार्थियों को 2.50 लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी, जबकि वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अतिरिक्त सहायता के साथ अधिकतम 2.80 लाख रुपये तक का लाभ दिया जाएगा। इच्छुक लाभार्थी नगर निगम के डूडा कार्यालय और जनसूचना केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं।

कार्यशाला में दी गई योजना की जानकारी

नगर निगम सेवा भवन सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पार्षदों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, सत्यापन और लाभार्थियों के चयन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि पार्षद अपने-अपने वार्ड में पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पात्र लाभार्थियों को मिलेगी अतिरिक्त आर्थिक सहायता

नगर निगम के अनुसार, स्वयं की भूमि पर नया पक्का मकान बनाने वाले पात्र लाभार्थियों को 2.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और विधवा महिला लाभार्थियों को 20 हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। यदि निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाता है तो 10 हजार रुपये का प्रोत्साहन भी मिलेगा। इस तरह अधिकतम 2.80 लाख रुपये तक की सहायता प्राप्त की जा सकेगी।

बिचौलियों से बचने की अपील

नगर निगम ने लाभार्थियों से सीधे आवेदन करने की अपील की है और किसी भी बिचौलिए के झांसे में नहीं आने की सलाह दी है। आवेदन जमा होने के बाद अधिकारियों द्वारा स्थल का जियो टैगिंग और भौतिक सत्यापन किया जाएगा। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को जल्द योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

ये हैं योजना की पात्रता

योजना के तहत आवेदन करने के लिए आवेदक का आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का होना आवश्यक है और परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए। आवेदक के पास निर्माण स्थल का वैध स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध होना चाहिए तथा भूमि विवादित नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए और न ही पहले किसी अन्य सरकारी आवास योजना का लाभ लिया गया हो।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज, प्रस्तावित भवन का नक्शा और अनुमानित लागत, आय प्रमाण पत्र या स्व-घोषणा पत्र, बैंक पासबुक तथा कच्चे मकान या खाली प्लॉट की तस्वीर जमा करनी होगी।

14 हजार से अधिक आवेदन सत्यापन के लिए पहुंचे

नगर आयुक्त के अनुसार, नगर निगम को सत्यापन के लिए कुल 14,621 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,677 आवेदन पात्र और 2,823 आवेदन अपात्र पाए गए हैं, जबकि 7,121 आवेदन अभी सत्यापन की प्रक्रिया में हैं।

 

Related posts