विधानसभा चुनाव से पहले आरएलडी की बड़ी रणनीतिक बैठक आज, संसदीय बोर्ड पहली बार करेगा मंथन

नई दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी राष्ट्रीय लोकदल आज अपने नवगठित संसदीय बोर्ड की पहली बैठक आयोजित करेगी। नई दिल्ली में होने वाली इस अहम बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय तथा प्रभावी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है।

चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस

बैठक की अध्यक्षता संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी करेंगे। इस दौरान राजनीतिक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और समसामयिक मुद्दों पर पार्टी की रणनीति और नीतियों को लेकर विचार-विमर्श होगा। पार्टी का प्रयास आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना है।

तीन राज्यों के प्रतिनिधियों को मिला बोर्ड में स्थान

राष्ट्रीय लोकदल ने अपने संसदीय बोर्ड में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के प्रतिनिधियों को शामिल कर संगठन के विस्तार का संदेश देने की कोशिश की है। बोर्ड में मेजर जनरल विराक्षर दयाल (सेवानिवृत्त), तारीफ सिंह, मुंशी राम, अशोक यादव, पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक राजपाल बलियान, पूर्व विधायक अब्दुल समीर खान, विधान परिषद सदस्य योगेश चौधरी, विधायक सुभाष गर्ग, डॉ. यशपाल बघेल, अनिल दुबे, रमा नागर और बबीता तोमर को सदस्य बनाया गया है।

विशेष आमंत्रित सदस्य भी होंगे शामिल

बैठक में किसान नेता युद्धवीर सिंह, विजय पूनिया, सुरेंद्रवीर गढ़ीना और चंद्रबली यादव विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में हिस्सा लेंगे। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, पहली बैठक में संगठन की भावी कार्ययोजना तय करने के साथ-साथ चुनावी तैयारियों को गति देने और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

 

Related posts