काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर अचानक चली गोली, मचा हड़कंप; 3 लोग घायल, सिपाही से पूछताछ शुरू

वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के बाहर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गेट नंबर-4 पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक सिपाही की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। राहत की बात यह रही कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन सड़क से उछली गिट्टियां आसपास मौजूद लोगों को लगने से तीन लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना मंदिर के गेट नंबर-4 के पास हुई, जहां एक पीएसी सिपाही सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था। अचानक कार्बाइन से फायर हो गया और गोली सड़क पर जा लगी। गोली लगने के बाद सड़क की गिट्टियां उछलकर पास खड़े दो दुकानदारों और एक अन्य व्यक्ति को लग गईं, जिससे वे घायल हो गए।

घटना के बाद मचा हड़कंप, तुरंत पहुंची पुलिस

गोली चलने की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभाला और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

घायलों को तुरंत उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक घायल निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव को हाथ और पैर में हल्की चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने तीनों की हालत सामान्य बताते हुए उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

कार्बाइन से गोली कैसे चली, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस सिपाही की कार्बाइन से गोली चली वह मंदिर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। घटना के बाद उसे चौक थाने ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कार्बाइन किस परिस्थिति में गिरी या हैंडलिंग के दौरान क्या हुआ, जिसके कारण अचानक फायरिंग हो गई। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

फूल-माला कारोबार से जुड़े हैं घायल

बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए लोग मंदिर क्षेत्र में फूल-माला के कारोबार से जुड़े हैं। चिकित्सकों के अनुसार किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी की स्थिति स्थिर बनी हुई है।

हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बीच हुई घटना

काशी विश्वनाथ मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चौबीसों घंटे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहती है। ऐसे में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री भी अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी पहुंची थीं। उन्होंने गंगा आरती में हिस्सा लेने के साथ काल भैरव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया था।

 

Related posts