Weather Alert: दिल्ली समेत कई राज्यों में आज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, इन इलाकों में हीटवेव और उमस करेगी बेहाल

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। जहां कुछ राज्यों में मानसून की गतिविधियां तेज होने से बारिश का दौर जारी है, वहीं कई इलाकों में लोग अभी भी भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है। दिन में तेज धूप और बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है। इसके चलते पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

अगले 6 से 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं 17 से 20 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग ने 18 से 21 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड में आंधी-तूफान के साथ वर्षा हो सकती है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 16 जून तथा 18 से 20 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में आज तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन राज्यों में लू और उमस का डबल अटैक

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 जून के दौरान तेलंगाना, विदर्भ, कोंकण एवं गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा के कई हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। इन क्षेत्रों में लोगों को दिन और रात दोनों समय असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों के लिए गर्म रात यानी ‘वार्म नाइट’ का अलर्ट भी जारी किया गया है, जहां रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

 

Related posts