4399 दिन का ऐतिहासिक रिकॉर्ड! PM मोदी बने सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, CM योगी ने दी बधाई

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरे करने के साथ ही वह भारत में सबसे लंबे समय तक इस पद पर सेवा देने वाले जननेता बन गए हैं। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह कीर्तिमान देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।

CM योगी बोले- 145 करोड़ भारतीयों की सेवा को समर्पित है नेतृत्व

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई।

उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में यह एक अभूतपूर्व उपलब्धि है, जो देश की जनता के भरोसे और समर्थन को दर्शाती है।

‘सरकार ही नहीं, एक युग की चेतना का प्रतीक बना नेतृत्व’

योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार चलाने तक सीमित न रहकर पूरे युग की चेतना का प्रतीक बन जाए।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रधानमंत्री के तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों भारतीयों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का काम किया है।

प्रगति और पराक्रम की नई गाथाएं लिखते रहें PM मोदी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित उनकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही देशवासियों की मंगलकामना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस रिकॉर्ड के बाद देशभर से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग इस उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बता रहे हैं।

 

Related posts