बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक और डंपर की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, ड्राइवर जिंदा जला

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास कंटेनर ट्रक और डंपर की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरा इलाका आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों वाहन धू-धू कर जलते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

टक्कर इतनी भीषण कि चकनाचूर हुए वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और आमने-सामने की टक्कर बेहद जोरदार थी। दुर्घटना के बाद ट्रक और डंपर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

सामने आए वीडियो में हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।

केबिन में फंसा रह गया ड्राइवर

हादसे के दौरान डंपर चालक और ट्रक का खलासी किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। लेकिन ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने और परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

Related posts