लखनऊ: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लखनऊ और वाराणसी के बीच चलने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को अब स्थायी (रेगुलर) सेवा में शामिल कर दिया गया है। रेल मंत्रालय के इस फैसले के बाद ट्रेन संख्या 04217/04218 अब 14225/14226 के रूप में प्रतिदिन संचालित होगी, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है।
28 मई से नियमित संचालन शुरू, बदला ट्रेन नंबर
रेल प्रशासन के अनुसार, वाराणसी-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14225 का संचालन 28 मई से शुरू होगा। इसके साथ ही पहले चल रही स्पेशल सेवा (04217/04218) को उसी तारीख से निरस्त माना जाएगा। नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन अब नियमित रूप से प्रतिदिन चलेगी।
15 कोच के साथ चलेगी ट्रेन, सामान्य श्रेणी पर जोर
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार इस ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 13 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है।
वाराणसी से लखनऊ तक का पूरा रूट और समय तय
नई ट्रेन वाराणसी से सुबह 06:20 बजे रवाना होकर बाबतपुर, जौनपुर जंक्शन, शाहगंज, अकबरपुर, अयोध्या धाम जंक्शन, बाराबंकी होते हुए दोपहर 12:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन लखनऊ से शाम 16:20 बजे प्रस्थान करेगी और रात 22:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस रूट पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को अब रोजाना सीधी और नियमित ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा।
गंगा-सतलज एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव
रेलवे ने नई नियमित सेवा के संचालन के बाद धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलज एक्सप्रेस के समय में भी संशोधन किया है। अब यह ट्रेन मालीपुर से रुदौली के बीच नए समयानुसार संचालित होगी, जिससे ट्रैफिक मैनेजमेंट और ट्रेन संचालन को और सुचारु बनाया जा सके।
लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट के समय में भी बदलाव
इसके अलावा लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के वाराणसी स्टेशन पर पहुंचने के समय में भी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन रात 22:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
