NCP की नई कार्यकारिणी का ऐलान, सुनेत्रा पवार के हाथ में पार्टी की बागडोर

नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया है। पार्टी ने इस नई टीम के जरिए पारिवारिक नेतृत्व के साथ-साथ क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति अपनाई है।

सुनेत्रा पवार को मिली राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार सुनेत्रा अजित पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष की मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ शिवाजीराव गर्जे को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो पार्टी के वित्तीय मामलों और ऑडिट का कार्य देखेंगे।

पार्थ और जय पवार को अहम संगठनात्मक भूमिकाएं
नई कार्यकारिणी में पार्थ अजित पवार को महासचिव बनाते हुए पार्टी समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुबोध मोहिते को संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। जय अजित पवार को राष्ट्रीय सचिव के साथ-साथ अनुशासनात्मक समिति का अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है।

युवा नेतृत्व और विभागीय जिम्मेदारियों पर फोकस
पार्टी ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। धीरज शर्मा को युवा विंग का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सना मलिक को अल्पसंख्यक मामलों और महिला विंग की जिम्मेदारी दी गई है।

विभिन्न विभागों में नई नियुक्तियां
अविनाश आदिक को सहकारिता, आईटी, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। राणा रणवीर सिंह को अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग संगठनों के बीच समन्वय का कार्य सौंपा गया है।

सामाजिक और कल्याणकारी मोर्चे पर नई टीम
डॉ. रमन प्रीत सिंह को छात्र एवं युवा अधिकारिता और कौशल विकास की जिम्मेदारी दी गई है। संजय प्रजापति संगठनात्मक और सामाजिक कार्य देखेंगे, जबकि धनंजय शर्मा को किसान सभा, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अभिषेक वी. बोके को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का दायित्व सौंपा गया है।

चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा कदम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस नई कार्यकारिणी के जरिए NCP ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों को पार्टी से जोड़ने की रणनीति अपनाई है।

 

Related posts