
रसोई की आग… अब ग्लोबल जंग से जुड़ गई है। जो गैस चूल्हे तक आती थी, वो अब जंग के बीच अटक गई है। और सवाल सिर्फ इतना नहीं—सिलेंडर मिलेगा या नहीं… सवाल है, कब तक मिलेगा?
होर्मुज बना ‘चोक पॉइंट’—सप्लाई पर सीधा असर
होर्मुज जलडमरूमध्य—दुनिया की सबसे अहम तेल सप्लाई लाइन—इस वक्त जंग के साये में है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने इस रूट को लगभग जाम कर दिया है। भारत के तेल और गैस टैंकर, जो इसी रास्ते से आते थे, अब बीच में ही अटक रहे हैं। जब दुनिया का रास्ता रुकता है तो घर का चूल्हा भी ठंडा पड़ सकता है।
नए LPG कनेक्शन पर ब्रेक—सरकार का बड़ा कदम
सप्लाई पर दबाव बढ़ते ही सरकारी तेल कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया— फिलहाल नए LPG कनेक्शन देने पर रोक लगा दी गई है। ये फैसला अचानक नहीं… बल्कि एक रणनीति है—ताकि मौजूदा ग्राहकों को गैस मिलती रहे।
भारत की 65% गैस विदेश पर निर्भर
भारत की सालाना LPG जरूरत करीब 3.3 करोड़ टन है। इसमें से लगभग 65% गैस विदेशों से आती है और इसका बड़ा हिस्सा अरब देशों से आता है, जो इसी होर्मुज रूट पर निर्भर है। यानि अगर ये रास्ता रुका…तो सप्लाई चेन पूरी तरह हिल सकती है। ऊर्जा की ये निर्भरता…
अब भारत की सबसे बड़ी कमजोरी बनती दिख रही है।
क्यों नहीं मिल रहा नया कनेक्शन?
तेल कंपनियों का फोकस साफ है पहले मौजूदा ग्राहकों को सिलेंडर मिले, फिर नए कनेक्शन। अगर अभी नए कनेक्शन दिए गए, तो सप्लाई पर दबाव और बढ़ेगा और संकट गहरा सकता है। इसलिए फिलहाल जो नया कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें इंतजार करना होगा।
सरकार का दावा—सप्लाई नहीं रुकेगी
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक 94% LPG डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड से हो रही है। सप्लाई चेन पर लगातार नजर रखी जा रही है। पेट्रोल, डीजल, LPG और PNG की सप्लाई फिलहाल स्थिर है। लेकिन सवाल ये है ये ‘स्थिरता’ कब तक टिकेगी?
आम आदमी पर क्या असर पड़ेगा?
नए कनेक्शन में देरी, सिलेंडर की संभावित कमी, कीमतों में उछाल का खतरा। यानि ये सिर्फ इंटरनेशनल क्राइसिस नहीं ये सीधे आपकी किचन तक पहुंचने वाला संकट है। जंग सरहद पर होती है…लेकिन असर सबसे पहले रसोई पर दिखता है।
होर्मुज का संकट सिर्फ एक जियोग्राफिकल पॉइंट नहीं— ये भारत की ऊर्जा सुरक्षा का टेस्ट है। आज कनेक्शन रुके हैं…कल सिलेंडर रुक सकते हैं… अगर सप्लाई की सांस अटक गई…तो देश की रसोई भी रुक जाएगी।
दरिंदगी और डिजिटल सुराग—दिल्ली मर्डर केस में आरोपी का खौफनाक सच
