
होली की तैयारियों के बीच यूपी के यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक हादसे ने कई घरों के रंग फीके कर दिए। हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मिढ़ावली के पास एक डबल डेकर बस ने पीछे से ईको वैन में टक्कर मार दी।
बस दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, लेकिन बस चालक स्पीड और दूरी का संतुलन नहीं साध पाया। कुछ ही सेकंड में एक्सप्रेसवे पर चीख, ब्रेक और टक्कर की आवाज़ गूंज उठी।
इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों के धौलपुर, राजस्थान के होने की जानकारी सामने आई है।
तेज रफ्तार और लापरवाही: एक्सप्रेसवे या रेस ट्रैक?
यमुना एक्सप्रेसवे को देश की सबसे तेज सड़कों में गिना जाता है। लेकिन सवाल वही पुराना है क्या स्पीड लिमिट सिर्फ बोर्ड तक सीमित है?
बताया जा रहा है कि बस वैन के काफी करीब आ चुकी थी। पर्याप्त गैप न होने के कारण बस सीधे वैन में घुस गई। हादसे के बाद लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

त्योहारों के मौसम में जब सड़कें यात्रियों से भरी होती हैं, तब रफ्तार की जिद अक्सर मातम में बदल जाती है।
पुलिस जांच शुरू, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है। फिलहाल प्राथमिक कारण तेज रफ्तार और दूरी का सही अनुमान न लगा पाना बताया जा रहा है।
त्योहार से पहले मातम
होली के ठीक पहले हुआ यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि सड़क पर जल्दबाजी की कीमत बहुत भारी होती है। रंगों के त्योहार से पहले कई घरों में अब सन्नाटा है।
टेक्नोलॉजी या गद्दारी- अली खामेनेई की सटीक खबर कैसे मिली ?
