भीषण गर्मी में नलों से आने लगा खौलता पानी? जानें पानी की टंकी को ठंडा रखने के आसान और असरदार उपाय

नई दिल्ली: इस साल देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखने लगा है। कई इलाकों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है और मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मई के अंत और जून की शुरुआत में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। ऐसे में घर लौटकर ठंडे पानी से नहाने की उम्मीद भी कई बार टूट रही है, क्योंकि शहरी इलाकों में लोगों को नल और शावर से खौलता हुआ पानी मिल रहा है। इसकी प्रमुख वजह छतों पर रखी प्लास्टिक की पानी की टंकियां हैं, जो दिन-रात गर्मी सोखती रहती हैं और पानी को ठंडा नहीं रहने देतीं।

टंकी पर इंसुलेशन लगाना सबसे प्रभावी उपाय
विशेषज्ञों के अनुसार पानी की टंकी को गर्म होने से बचाने का सबसे असरदार तरीका उसके बाहरी हिस्से पर इंसुलेशन लगाना है। इसके लिए उच्च गुणवत्ता वाले थर्मल इंसुलेशन जैसे फाइबरग्लास या क्लोज्ड-सेल स्प्रे फोम का उपयोग किया जा सकता है। यह एक सुरक्षात्मक परत की तरह काम करता है, जो सूरज की गर्मी को पानी तक पहुंचने से रोकता है। कम लागत वाले विकल्प के रूप में जूट के बोरे भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।

हल्के रंग से घटेगी गर्मी का असर
गहरे रंग की टंकी सूर्य की किरणों को ज्यादा सोख लेती है, जिससे पानी जल्दी गर्म हो जाता है। ऐसे में विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि टंकी को सफेद या सिल्वर जैसे हल्के और रिफ्लेक्टिव रंग से पेंट किया जाए। इससे सूरज की रोशनी परावर्तित होती है और पानी अपेक्षाकृत ठंडा बना रहता है।

टंकी के लिए शेड बनवाना भी लाभकारी
सीधी धूप से बचाव के लिए टंकी के ऊपर शेड बनवाना एक प्रभावी उपाय माना जाता है। शेड होने से टंकी पर सीधी धूप नहीं पड़ती, जिससे पानी के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी नहीं होती। यह शेड स्थायी या अस्थायी, दोनों तरह से जरूरत और बजट के अनुसार तैयार किया जा सकता है।

टंकी को थोड़ा ऊंचा रखने से मिलेगा फायदा
अगर टंकी को छत से कुछ इंच ऊपर रखा जाए तो नीचे हवा का संचार बेहतर होता है। इससे छत की तपिश सीधे टंकी तक नहीं पहुंचती और पानी का तापमान नियंत्रित रहता है। यह एक सरल लेकिन प्रभावी उपाय माना जाता है।

भराई का समय भी करता है असर
दिन के सबसे गर्म समय में टंकी भरने से उसमें आने वाला पानी तुरंत गर्म हो जाता है। इसलिए सलाह दी जाती है कि टंकी को सुबह या रात के समय ही भरा जाए, जब तापमान अपेक्षाकृत कम होता है।

हरियाली से भी मिलती है ठंडक
छत पर पौधे या हरियाली लगाने से आसपास का वातावरण ठंडा रहता है, जिसका सीधा असर टंकी के तापमान पर भी पड़ता है। इससे घर के आसपास का तापमान संतुलित बना रहता है और गर्मी का असर कम महसूस होता है।

 

Related posts