21 साल पुरानी लव मैरिज का हुआ अंत, पति ने प्रेमी से कराई पत्नी की शादी; 5 बच्चों की मां का मामला बना चर्चा का विषय

संत कबीरनगर: उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर जिले से एक अनोखा पारिवारिक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर उसके प्रेमी से मंदिर में शादी करा दी। महिला पांच बच्चों की मां है और करीब 21 साल पहले उसने इसी व्यक्ति से प्रेम विवाह किया था। अब इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।

21 साल पहले की थी लव मैरिज

मामला धनघटा तहसील के डेबरी गांव का है। जानकारी के अनुसार, बुद्धिराम निषाद ने करीब 21 वर्ष पहले फूलमती से प्रेम विवाह किया था। दोनों का परिवार बसा और उनके पांच बच्चे हुए, जिनमें एक 18 वर्षीय बालिग बेटा भी शामिल है।

कथित प्रेम संबंध को लेकर होता था विवाद

परिजनों और ग्राम प्रधान अजय निषाद के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से फूलमती का अवधेश नामक व्यक्ति के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद हो रहा था और पारिवारिक तनाव बढ़ता जा रहा था।

दो महीने पहले छोड़ दिया था घर

बताया गया कि करीब दो महीने पहले फूलमती कथित रूप से अवधेश के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बाद में परिजनों के समझाने पर वह वापस लौट आई, लेकिन इसके बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद समाप्त नहीं हुआ।

शिव मंदिर में कराई गई शादी

परिजनों के मुताबिक, बीते मंगलवार को अशरफपुर गांव स्थित एक शिव मंदिर में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में फूलमती और अवधेश का विवाह कराया गया। इस दौरान बुद्धिराम भी वहां मौजूद रहा।

पति बोला- रोज-रोज का विवाद खत्म करना चाहता था

बुद्धिराम ने बताया कि उसने 21 साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन अब उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। उसने कहा कि वह परिवार में रोज होने वाले विवाद से परेशान था, इसलिए उसने पत्नी की शादी उसी व्यक्ति से कराने का फैसला किया, जिसके साथ वह रहना चाहती थी।

पुलिस को नहीं मिली कोई शिकायत

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना से जुड़े तीनों लोग निषाद समुदाय से हैं। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Related posts