2027 में यूपी की लड़ाई होगी आर-पार! अखिलेश यादव बोले- सपा और भाजपा के बीच ही होगा मुख्य मुकाबला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान बड़ा दावा किया। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा। अखिलेश ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन चुनावी मुकाबला सपा और भाजपा के बीच ही होगा।

अखिलेश बोले- जनता भाजपा सरकार को हटाना चाहती है

सपा प्रमुख ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को वास्तविक मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है। अखिलेश के मुताबिक महंगाई, बेरोजगारी और जनता से जुड़े दूसरे मुद्दों को पीछे करने के लिए लोगों को दूसरे मामलों में उलझाया जा रहा है।

उन्होंने वंदे मातरम के मुद्दे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा इस तरह के मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान महंगाई और बेरोजगारी से हटाना चाहती है।

महंगाई और खाद को लेकर भाजपा पर हमला

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहार के समय अपने लोगों को मुनाफा पहुंचाने के लिए चीनी के दाम बढ़ाए गए। खाद को लेकर भी उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पहले बोरी में खाद चोरी होने की शिकायतें आती थीं, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई है।

गोरखपुर एक्सप्रेसवे को लेकर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि करीब सात हजार करोड़ रुपये की लागत से बना गोरखपुर एक्सप्रेसवे जगह-जगह उखड़ गया है। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे के क्षतिग्रस्त होने और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के दोबारा धंसने का भी उन्होंने जिक्र किया।

अखिलेश ने इन घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाया।

शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि बच्चों को स्कूलों में गर्म खाना मिले। सपा प्रमुख ने दावा किया कि सपा सरकार के समय जो बर्तन खरीदे गए थे, उनका इस्तेमाल आज भी किया जा रहा है।

राम मंदिर को लेकर भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अपनी सीटें तक नहीं बांट पा रहे थे, इसलिए उन्होंने उनकी सीटें बांट दीं। इसी दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के बाहर पैसे मांगने वाले लोग भी चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा वालों ने राम मंदिर में चोरी कर ली।

सपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग भगवान श्रीराम के धन की चोरी कर सकते हैं, वे चुनाव में बेईमानी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

आरक्षण को लेकर अखिलेश का बड़ा बयान

आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आगे भी रहेगा। उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया।

इसी दौरान हरदोई से साइकिल यात्रा के जरिए सपा की नीतियों का प्रचार करते हुए लखनऊ पहुंचे 17 सदस्यीय दल ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की।

2027 चुनाव को लेकर सपा ने बढ़ाई सियासी सक्रियता

अखिलेश यादव के बयान से साफ है कि समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। सपा प्रमुख ने जहां भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और विकास के मुद्दों को लेकर निशाना साधा, वहीं उन्होंने चुनावी मुकाबले को मुख्य रूप से सपा और भाजपा के बीच बताया है।

 

Related posts