18 नवंबर को उन्नाव में गूंजेगा मधुर शर्मा का जादू, ‘सांसों की माला पर’ गाने पर झूमेंगे संगीत प्रेमी…..

उन्नाव।जिले के संगीत प्रेमियों के लिए 18 नवंबर की शाम खास होने जा रही है। शुक्लागंज के सहजनी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी मिनी स्टेडियम में पहली बार बड़े स्तर पर लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें मिर्जापुर फिल्म फेम मशहूर सिंगर मधुर शर्मा अपनी शानदार आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उनके चर्चित गाने ‘सांसों की माला पर लिख दूं मैं पी का नाम’ पर संगीत प्रेमी झूमते नजर आएंगे।

कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह के पुत्र शशांक शेखर सिंह उर्फ सनी सिंह द्वारा किया जा रहा है।आयोजकों के मुताबिक, कॉन्सर्ट शाम सात बजे से रात 10 बजे तक चलेगा, जबकि दर्शकों के लिए प्रवेश शाम चार बजे से पास के आधार पर शुरू होगा। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का दावा है कि उन्नाव और शुक्लागंज में इस स्तर का लाइव म्यूजिक शो पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

इससे पहले ऐसे कार्यक्रमों के लिए लोगों को कानपुर और लखनऊ जाना पड़ता था। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, 100 से अधिक महिला और पुरुष बाउंसर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सिविल पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सके। महिलाओं, युवतियों और परिवार के साथ आने वाले दर्शकों के लिए अलग बैठने के सुरक्षित इंतजाम किए गए हैं।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, लेकिन बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद निराला प्रेक्षागृह और शुक्लागंज में वी-मार्ट के बगल में संपर्क कर प्रवेश पास प्राप्त किया जा सकेगा। आयोजकों ने दर्शकों से पहले से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।

सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का पोस्टर सामने आने के बाद से ही युवाओं में उत्साह है। आयोजकों को उम्मीद है कि 18 नवंबर को मिनी स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर मधुर शर्मा की लाइव प्रस्तुति का आनंद लेंगे।

Related posts