नोएडा: राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में 607.8 अंक हासिल करने वाले नोएडा के 13 वर्षीय संकल्प शुक्ला ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने पुणे के बालेवाड़ी में आयोजित प्रतियोगिता की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में यह स्कोर बनाया। इसके आधार पर संकल्प ने भारतीय टीम के चयन ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में इस तरह का प्रदर्शन संकल्प के लिए अहम उपलब्धि है। वह मयूर पब्लिक स्कूल के छात्र हैं और गनरी शूटिंग अकादमी, नोएडा में प्रशिक्षण लेते हैं।
संकल्प के पिता रमन शुक्ला ने बेटे की कामयाबी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि संकल्प को रोजाना मेहनत करते देखना उनके लिए खास अनुभव रहा है। बेटे को इस मुकाम तक पहुंचते देखकर उन्हें गर्व है।
रमन शुक्ला ने अपने पिता के आशीर्वाद को भी इस सफलता में अहम बताया। उन्होंने कहा कि बेटे की उपलब्धि की खुशी अपने पिता के साथ साझा करना उनके लिए बेहद खास है। इसके साथ ही उन्होंने संकल्प के कोच और स्कूल का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 607.8 अंक का प्रदर्शन करने के बाद अब संकल्प भारतीय टीम के चयन ट्रायल्स में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
