उन्नाव: सगे बेटे ने ही मां को धोखा देकर 4 बीघा जमीन अपने नाम कराई, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

उन्नाव। जनपद के गंगाघाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव से जमीन के धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही सगे बेटे पर धोखे से जमीन अपने नाम करा लेने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक उन्नाव को प्रार्थना पत्र देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक , जनपद उन्नाव को दिए गए प्रार्थना पत्र में प्रार्थिनी माधुरी देवी पत्नी रामऔतार निवासिनी ग्राम हाजीपुर थाना गंगाघाट जिला उन्नाव ने बताया कि उनकी भूमि गाटा संख्या 592 ग्राम हाजीपुर परगना सिकंदरपुर सरोसी तहसील व जिला उन्नाव में स्थित है।

आरोप लगाया है उनके सगे लड़के विमल तिवारी ने किसी अन्य महिला को खड़ा करके धोखे से दान पत्र / हिबानामा 1.0150 हेक्टेयर यानी लगभग चार बीघा जमीन रजिस्ट्री ऑफिस उन्नाव में अपने नाम बैनामा करा लिया। पूछने पर विमल ने बताया कि उसने अपने नाम नहीं कराया है बल्कि किसी ने धोखे से करा लिया है।

प्रार्थिनी ने जब रजिस्ट्री ऑफिस से कागज निकलवाए तो पता चला कि विमल ने ही अपने नाम दान पत्र करा लिया है। इस फर्जीवाड़े के गवाह लाल बहादुर पुत्र छत्रपाल निवासी लोधन हार व राजेश कुमार मिश्रा पुत्र रमेश चंद्र मिश्रा निवासी लोकइया खेड़ा बताए गए हैं।

पीड़िता माधुरी देवी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में थाना गंगाघाट में प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई बल्कि पुलिस ने मामला चलता कर दिया।

Related posts