बांगरमऊ, उन्नाव। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन अपराध निरीक्षक राकेश कुमार यादव की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर थाना पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बे से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। अपराध निरीक्षक राकेश कुमार यादव ने प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों के कर्मचारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। इस अवसर पर पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं स्थानीय निकाय के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
