सेहत और नवाचार का संगम बना विश्व खाद्य दिवस समारोह…..

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में खाद्य सुरक्षा और उद्यमिता का दिया संदेश, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विश्व खाद्य दिवस समारोह का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। विद्यार्थियों ने रागी कुकीज, हाई-प्रोटीन सोया पनीर टिक्की और ज्वार इडली जैसे पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता एवं उद्यमशीलता का परिचय दिया। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने आयोजन की सराहना करते हुए प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई दी।


विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एवं आईईटी के खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से ‘इनोवेट टुडे, नरिश टुमॉरो’ थीम पर आयोजित समारोह के अंतिम दिन खाद्य सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। इंजीनियरिंग संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एमएम सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान प्रो. शिव कुमार कटियार भी उपस्थित रहे। इसके बाद जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय एवं वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह उपस्थित रहे।


आईईटी के निदेशक एवं इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष प्रो. डीके भट्ट ने कहा कि खाद्य सुरक्षा, पोषण और उद्यमिता वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकताएं हैं। युवाओं के नवाचार खाद्य क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।


फूड स्टॉल प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष के सूरज गुप्ता, अमित अहिरवार एवं अभिषेक की रागी कुकीज को प्रथम, जिंजर कैंडी को द्वितीय और पीनट कतली को तृतीय स्थान मिला। पाक-कला प्रतियोगिता में एमएससी अंतिम वर्ष की अंशिका नामदेव एवं प्रिंसी डांगी की हाई-प्रोटीन सोया पनीर टिक्की प्रथम, ज्वार इडली द्वितीय और लौकी स्पैगेटी तृतीय रही।


फूडरील प्रतियोगिता में अनमोल, कर्णिका एवं अंशिका की टीम तथा पोस्टर प्रस्तुतीकरण में विशाल मणि त्रिपाठी एवं श्रद्धा मणि त्रिपाठी विजेता रहे। रंगोली प्रतियोगिता में प्रियांशी गुप्ता, निधि सिंह, श्रद्धा मणि त्रिपाठी एवं छाया सिंह की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आदित्य और हर्षा बने फूडप्रेन्योर ऑफ द ईयर
बीटेक खाद्य अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी के आदित्य सिंह और हर्षा को ‘फूडप्रेन्योर ऑफ द ईयर 2026’ पुरस्कार मिला। फूडआईक्यू प्रश्नोत्तरी में खुशी पांडे, आदित्य सिंह, सौंदर्या आर्या एवं अरुणिमा द्विवेदी की टीम प्रथम रही। फूडटून्स प्रतियोगिता में अरुणिमा द्विवेदी एवं सौंदर्या आर्या ने बाजी मारी। विजेताओं को पदक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।


आयोजन का समन्वय डॉ. शुभांगी निगम, डॉ. अश्वनी कुमार, इंजी. अंजलि श्रीवास्तव, डॉ. रवि कुमार, इंजी. श्रद्धा त्रिपाठी, डॉ. अनुष्ठा द्विवेदी, डॉ. प्रज्ञा चौहान, डॉ. नम्रता सोनी, पलक सक्सेना, अदिति जैन, अमरदीप सिंह एवं जय ने किया।


प्रतियोगिताओं में प्रो. सौरभ श्रीवास्तव, प्रो. पूनम पुरी, डॉ. शशिकांत वर्मा, प्रो. श्रीदेवी, डॉ. लवकुश द्विवेदी, डॉ. सुमिरन श्रीवास्तव, डॉ. विनीत कुमार, डॉ. जितेंद्र वर्मा, डॉ. साक्षी दुबे, डॉ. अनु सिंघला, डॉ. नेहा जैन, डॉ. अतुल मकरारिया, प्रो. अपर्णा राज, प्रो. काव्या दुबे, डॉ. दीप्ति सिंह, इंजी. आयुष श्रीवास्तव एवं डॉ. बीपी गुप्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

Related posts