उन्नाव ।जागरूकता माह के दृष्टिगत जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से उन्नाव पुलिस द्वारा निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात सुनील कुमार सिंह एवं उपनिरीक्षक तिलक सिंह द्वारा यातायात पुलिस टीम के साथ उन्नाव शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के साथ-साथ आमजनमानस को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनका पालन करने हेतु जागरूक किया गया। वाहन चालकों को निर्धारित यातायात नियमों के अनुरूप वाहन संचालन करने, यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त चालकों को समझाया गया कि वाहन चलाते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।
आमजनमानस को भी सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान यातायात जागरुकता नियमों से संबन्धित पंपलेट वितरित किये गये।
