गोरखपुर में कल से छठ महापर्व की धूम, नहाय-खाय के साथ शुरू होगा 4 दिन का कठिन व्रत; जानें कब दिया जाएगा पहला और दूसरा अर्घ्य

गोरखपुर: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होने जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर गोरखपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां चल रही हैं। बाजारों में भी छठ पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है। वहीं, नदियों, तालाबों और मोहल्लों में बनाए जा रहे अस्थायी घाटों को सजाने-संवारने का काम अंतिम चरण में है। जगह-जगह व्रतियों के लिए वेदियां तैयार की जा रही हैं। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

नहाय-खाय से शुरू होगी छठ पूजा

छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय के रूप में मनाया जाता है। पंडित शरदचंद्र मिश्र के अनुसार, इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ भोजन तैयार करते हैं। परंपरा के मुताबिक कद्दू और चावल का प्रसाद बनाया जाता है, जिसे कद्दू-भात कहा जाता है। इसी के साथ छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत होती है।

14 नवंबर को खरना, इसके बाद शुरू होगा निर्जला व्रत

पर्व के दूसरे दिन यानी शनिवार, 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही व्रतियों का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा, जो अगले दिन तक जारी रहेगा।

15 नवंबर को शाम 5:24 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती निर्जल उपवास रखेंगे। शाम को नदी, तालाबों और अन्य छठ घाटों पर पहुंचकर छठी मईया की पूजा-अर्चना की जाएगी। सूर्यास्त के समय शाम 5 बजकर 24 मिनट पर अस्त होते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

इस दौरान पूजा के सूप में मौसमी फल, ठेकुआ, चावल के लड्डू और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। अर्घ्य देने के बाद व्रती रातभर जागरण करेंगे और छठी मईया की कथा सुनेंगे।

16 नवंबर को सुबह 6:37 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य

महापर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 6 बजकर 37 मिनट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पूजा-अर्चना कर पारण करेंगे। इसी के साथ सूर्य उपासना, संयम और श्रद्धा का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हो जाएगा।

धृति योग में शुरुआत, वृद्धि और सिद्धि योग में समापन

पंडित शरदचंद्र मिश्र के अनुसार, इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत धृति योग में हो रही है, जबकि इसका समापन वृद्धि और सिद्धि योग में होगा। धार्मिक मान्यताओं में इन योगों को शुभ माना गया है। पर्व को लेकर गोरखपुर में घाटों की व्यवस्था और पूजा की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

Related posts