पंडित जगदंबा प्रसाद मिश्र ‘हितैषी’ की जयंती पर श्रद्धापूर्वक किया गया नमन

गंजमुरादाबाद, उन्नाव। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, साहित्यकार एवं मनीषी कवि पंडित जगदंबा प्रसाद मिश्र ‘हितैषी’ जी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर में श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर नगर स्थित हितैषी स्मारक स्थल पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके जीवन, संघर्ष, साहित्यिक योगदान तथा राष्ट्र और समाज के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित जगदंबा प्रसाद मिश्र ‘हितैषी’ का व्यक्तित्व बहुआयामी था। उन्होंने साहित्य को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं माना, बल्कि समाज को जागरूक करने, राष्ट्रीय चेतना जगाने और लोगों में देशप्रेम की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बनाया। स्वतंत्रता संग्राम के दौर में उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा और साहित्यिक अभिव्यक्ति ने देशभक्ति की भावना को मजबूती प्रदान की।वक्ताओं ने कहा कि महान व्यक्तित्व किसी एक कालखंड तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को भी दिशा देते हैं। पंडित ‘हितैषी’ जी का जीवन त्याग, संघर्ष, साहित्य साधना और राष्ट्रप्रेम का प्रेरणादायक उदाहरण है।

उनका साहित्यिक अवदान हिंदी साहित्य की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य केवल उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करना नहीं, बल्कि उनके विचारों, आदर्शों और देश तथा समाज के प्रति उनके समर्पण को अपने जीवन में आत्मसात करना भी है। नई पीढ़ी को उनके जीवन संघर्ष और साहित्यिक रचनाओं से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि पंडित जगदंबा प्रसाद मिश्र ‘हितैषी’ जी की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ ही उनके विचारों और साहित्यिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राम नरेश कुशवाहा ने की।

मुख्य वक्ता के रूप में विनय दीक्षित ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर पंकज शुक्ला, दिनेश शर्मा, विनोद सिंह, पुनीत शुक्ला, दिनेश त्रिपाठी, मिथिलेश पटेल, नीरज यादव, रजनीश यादव, मृत्युंजय, राघव मिश्रा, अनुपम व समाजसेवी फजलुर्रहमान सहित गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related posts