आगरा: उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम 20 हजार रुपये मासिक वेतन देने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा पर अब नगर निगमों ने भी कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। आगरा नगर निगम की कार्यकारिणी ने आउटसोर्स कर्मचारियों को कम से कम 20 हजार रुपये वेतन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब नगर निगम सदन से अनुमोदन मिलने के बाद इसे लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
इस फैसले से आगरा नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को हुई कार्यकारिणी की बजट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पुनरीक्षित बजट भी पारित किया गया। इसमें नगर निगम की अनुमानित आय और खर्च, दोनों में बढ़ोतरी की गई है।
आय और खर्च का बजट बढ़ाया गया
नगर निगम की मूल आय का अनुमान 1,19,216.70 लाख रुपये था, जिसे बढ़ाकर 1,36,632 लाख रुपये कर दिया गया है। इस तरह आय के अनुमान में करीब 174 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं, मूल व्यय का अनुमान 1,42,967.25 लाख रुपये से बढ़ाकर 1,59,085.25 लाख रुपये कर दिया गया है। खर्च के बजट में करीब 160 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। बैठक में विभिन्न विभागों के बजट और जरूरी खर्चों की भी समीक्षा हुई।
विद्युत शवदाह गृह के रखरखाव का बजट बढ़ा
ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह की भट्ठियों के रखरखाव और मरम्मत के लिए निर्धारित 25 लाख रुपये की राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है। फिलहाल इसका संचालन क्षेत्र बजाजा कमेटी कर रही है। दूसरी ओर, जलकल विभाग की आय के मूल अनुमान 15,815.60 लाख रुपये में कोई बदलाव नहीं किया गया। विभाग का व्यय अनुमान 14,317.05 लाख रुपये पुनरीक्षित किया गया।
योगी सरकार ने तय किया है श्रेणीवार न्यूनतम मानदेय
गौरतलब है कि योगी सरकार ने दिवाली के मौके पर प्रदेश के विभिन्न विभागों में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय तय करने का फैसला किया था। श्रेणी एक के कर्मचारियों को छोड़कर अन्य श्रेणियों के पारिश्रमिक में डेढ़ गुना तक बढ़ोतरी की गई थी। श्रेणी एक के कर्मचारियों को कम से कम 39 हजार रुपये मानदेय देने का प्रावधान किया गया है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, नई व्यवस्था 2 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। अक्टूबर में कर्मचारियों को सितंबर महीने का एरियर भी दिए जाने का प्रावधान है। सरकार के इस फैसले से करीब 2.72 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन कर्मचारियों को पहले से तय न्यूनतम वेतन से अधिक मानदेय मिल रहा है, उनकी राशि कम नहीं की जाएगी।
सभी श्रेणियों के कर्मचारियों पर लागू 18 प्रतिशत जीएसटी का भार भी सरकार उठाएगी। वहीं, श्रेणी एक के कर्मचारियों की ईपीएफ कटौती को लेकर फैसला संबंधित विभाग करेंगे।
