झाँसी। राज्य महिला आयोग की सदस्य अनुपमा सिंह लोधी का जन्मदिन संघर्ष सेवा समिति कार्यालय में उत्साह, आत्मीयता और सादगी के साथ मनाया गया। संघर्ष सेवा समिति के सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर अनुपमा सिंह लोधी ने अपना जन्मदिवस समिति कार्यालय में मनाने का निर्णय लिया। इस अवसर पर समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी सहित समिति के सदस्यों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर अनुपमा सिंह लोधी ने संघर्ष सेवा समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. संदीप सरावगी समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से महिलाओं के हित में उनके प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप सरावगी द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ-साथ कई बहनों के विवाह में सहयोग किया गया है और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए इस प्रकार निरंतर कार्य करना अपने आप में प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर अनुपमा सिंह लोधी ने डॉ. संदीप सरावगी का तिलक कर उनके सामाजिक कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष सेवा समिति जिस तरह से समाज के विभिन्न वर्गों की सहायता के लिए कार्य कर रही है, वह सराहनीय है और ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने अनुपमा सिंह लोधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका समाज और महिला हितों के लिए सक्रिय रहना प्रेरणादायी है। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सामाजिक योगदान की कामना की।

