सीतापुर: सदरपुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे और बहू के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। मंगलवार को हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बुधवार दोपहर बहू के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गए। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खोल दिया गया। पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घर से निकाले जाने के बाद बाहर रह रहा था दंपती
मामला सेमरी गांव निवासी राकेश गुप्ता और उसकी पत्नी निशा से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद राकेश और निशा को घर से बाहर कर दिया गया था। दोनों अपने बच्चे के साथ कई दिनों से घर के बाहर रह रहे थे।
बताया गया कि मंगलवार दोपहर राकेश अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के सदस्यों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राकेश के पिता, मां, भाई और भाभी ने दंपती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पारिवारिक विवाद का वीडियो वायरल
⏩️ सीतापुर में बहू-बेटे की पिटाई का वीडियो सामने आया
⏩️ घर में वापस आने की कोशिश पर विवाद बढ़ा
⏩️ सास, देवर और देवरानी पर मारपीट का आरोप
⏩️ घटना के दौरान लोग मदद की जगह वीडियो बनाते दिखे
⏩️ सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से… pic.twitter.com/7UrSDQyHRK
— Mahua Khabar (@MahuaKhabarr) August 12, 2026
बीच सड़क मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
मारपीट के दौरान राकेश और निशा को सड़क पर गिराकर पीटने का आरोप है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग दोनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर आसपास लोगों की भीड़ भी नजर आ रही है।
वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर नाराजगी बढ़ गई। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित सख्ती नहीं की।
मायके वालों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
बुधवार को निशा के मायके पक्ष के लोग सेमरी गांव पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
जाम की सूचना मिलते ही सदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।
विधायक ने भी सख्त कार्रवाई की मांग की
महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।
