दिल्ली-NCR में बारिश से राहत, लेकिन देश के 16 राज्यों पर मौसम का खतरा; यूपी-बिहार समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार गंभीर होता जा रहा है। कई राज्यों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, जम्मू-कश्मीर और गुजरात सहित 16 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में दो दिन भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में अगले दो से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पूरे क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के लिए रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, आगरा समेत कई जिलों में 25 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

बिहार में 26 जुलाई तक व्यापक वर्षा की चेतावनी

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर सहित लगभग सभी जिलों में 26 जुलाई तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में वज्रपात और बहुत भारी वर्षा को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में 26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत अधिकांश जिलों में 21 और 22 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम का असर

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा और जोधपुर समेत पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी आने और भारी बारिश की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू और अन्य कई जिलों में भी अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

 

Related posts